उदयपुर-केलांग-सिस्सू सड़क बहाल

उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी के केलांग-उदयपुर तथा केलांग-सिस्सू मार्ग को सीमा सड़क संगठन ने यातायात के लिए बहाल कर दिया है। इससे लाहौलवासियों को काफी राहत मिलेगी। भारी बर्फबारी के चलते लाहौल घाटी की तमाम सड़कें अवरुद्ध हैं। सप्ताह बाद घाटी के मुख्य मार्ग केलांग-उदयपुर और सिस्सू के बहाल हो जाने से हजारों की आबादी ने राहत की सांस ली है। मार्ग बंद रहने से घाटी के जरूरतमंद लोगों के साथ ही सरकारी कर्मचारियों और स्कूली बच्चों को जिला मुख्यालय केलांग तथा उपमंडल उदयपुर की ओर आवाजाही में भारी बर्फबारी के बीच पैदल चलना पड़ रहा था। खैर, अब आगामी बर्फबारी तक लोगों को कुछ राहत जरूर मिली है। इन दिनों समूची लाहौल घाटी बर्फ के आगोश में है। ऐसे में घाटी की मुख्य सड़कों की बहाली में उदयपुर में तैनात सीमा सड़क संगठन 94 आरसीसी के जवान तांदी से संसारीनाला सड़क के बीच मोर्चा संभाले हुए हैं। वीरवार को 94 आरसीसी ने उदयपुर-केलांग सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया है। स्तींगरी के 70 आरसीसी के जवानों ने सिस्सू तक सड़क को यातायात के लिए खोल दिया। 94 आरसीसी के कमांडिंग अफसर एसके नरवाल ने बताया कि उदयपुर से तिंदी की ओर भी सड़क से बर्फ हटाए जाने को लेकर मशीन लगा दी गई है। उन्होंने दावा किया कि अगर मौसम ने साथ दिया तो तीन-चार दिन के भीतर उदयपुर-तिंदी सड़क को भी बहाल कर दिया जाएगा। नरवाल ने बताया कि इससे पहले संगठन के जवानों ने उदयपुर से कुरचेड़ तक सड़क को बहाल कर दिया था, लेकिन घाटी में हुई ताबड़तोड़ बर्फबारी के बाद जगह-जगह हिमखंड आने से मार्ग फिर बंद हो गया था।

Related posts