उड़ानों में देरी पर मारकंडेय का कड़ा रुख

कोकसर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी के लिए हेलीकॉप्टर की उड़ानों में देरी पर पूर्व मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडेय ने कांग्रेस सरकार तथा स्थानीय विधायक पर कड़ा रुख अपनाया है। पूर्व मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि लाहौल-स्पीति जिला के लिए हेलीकॉप्टर की नियमित उड़ान नहीं की गई तो लाहौल-स्पीति भाजपा कुल्लू तथा लाहौल में जनता के साथ सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार लाहौल तथा पांगी घाटी के लोगों के साथ भद्दा मजाक कर रही है। मौसम जब खराब रहता है तो उड़ान का शेड्यूल जारी किया जाता है, जबकि मौसम साफ होने पर शेड्यूल जारी नहीं किया जाता है। मारकंडेय ने कहा कि वीरवार को भुंतर से पांगी घाटी के धरवास और किलाड़ हेलीपैड के लिए उड़ान शेड्यूल जारी था और मौसम भी साफ रहा, बावजूद उड़ानें नहीं हो सकी हैं। कहा कि विधायक रवि ठाकुर उड़ाने करवाने के बजाय मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंप रहे हैं, जो शर्मसार है। कहा कि लाहौल घाटी के विभिन्न हेलीपैडों पर मरीजों के साथ-साथ करीब तीन दर्जन से अधिक स्कूल-कालेज के छात्र इंतजार में हैं। कहा कि विधायक और सीएम का आपसी तालमेेल न होने की वजह से इसका खामियाजा लाहौल घाटी के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि लाहौल घाटी के लिए नियमित हवाई सेवाए शुरू की जाएं अन्यथा भाजपा को मजबूरन आंदोलन का रुख अपनाना पड़ेगा।

Related posts