
नई टिहरी। उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी के राजकीय सुभाष इंटर कालेज थौलधार केंद्र पर सामूहिक नकल को लेकर उड़नदस्ते की टीम और केंद्र व्यवस्थापक में रार बढ़ गई है। केंद्र व्यवस्थापक पीएन सकलानी ने कुलपति को पत्र भेजकर कहा है कि द्वेषभावना से ग्रसित होकर उड़नदस्ते की टीम के एक सदस्य ने यह काम किया है। उड़नदस्ते की टीम ने विद्यालय में रहकर कोई परीक्षा कक्ष सीज करने की कार्रवाई नहीं की और न ही परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं जमा की।
इन दिनों उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी की परीक्षा चल रही हैं। सोमवार को थौलधार के सुभाष इंटर कालेज के परीक्षा केंद्र में सामूहिक नकल होने का मामला प्रकाश में आया था। उड़नदस्ते की टीम के सदस्य डा. सुभाष चंद्र सिंह कुशवाह, डा. राकेश रयाल ने बताया था कि सामूहिक नकल करते हुए एक परीक्षा कक्ष को सीज कर दिया गया है। बताया गया था कि केंद्र पर सभी परीक्षार्थी किताबें खोलकर खुलेआम नकल उतार रहे थे।
इधर, सुभाष इंटर कालेज के केंद्र व्यवस्थापक की ओर से कुलपति को भेजे पत्र में कहा गया है कि उड़नदस्ता शाम 3 बजकर 5 मिनट पर परीक्षा केंद्र पहुंचे थे। उसी समय ड्यूटी में तैनात कक्ष निरीक्षक परीक्षार्थियों की तलाशी ले रहे थे। कुछ परीक्षार्थी रास्ते में पढ़ाई के लिए अपने साथ जो पुस्तकें लाए थे उन्हें बाहर कूडे़दान में रखा गया था। उड़नदस्ते की टीम ने कूडे़दान से पुस्तकें उठाकर लाई। टीम में शामिल डा. राकेश रयाल गत वर्ष इसी परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक था। द्वेष भावना से ग्रसित होकर वे सामूहिक नकल करने की बात प्रचारित कर रहे हैं।
कोट
थौलधार के सुभाष इंटर कालेज में सामूहिक नकल होने की बात बीते दिन उड़नदस्तों की टीम ने संज्ञान में लाई थी। उड़नदस्ते की टीम में एक सदस्य नहीं, बल्कि अन्य सदस्य भी शामिल थे। इसलिए उड़नदस्ते की टीम झूठी सूचना नहीं दे सकती है। विवि मामले की जांच कराएगा। – गोविंद सिंह, परीक्षा नियंत्रक उत्तराखंड मुक्त विवि
एक नकलची पकड़ा
चंबा (टिहरी)। उत्तराखंड मुक्त विवि के परीक्षा केंद्र राजकीय संस्कृत महाविद्यालय के चंबा केंद्र पर उड़नदस्ते की टीम ने एक नकलची पकड़ा। टीम के सदस्य डा. राकेश रयाल ने बताया कि मंगलवार को तीन बजे वाली पाली में नकलची पकड़ा गया।
