
तीसा (चंबा)। उपमंडल तीसा की 12 पंचायतों के वाशिंदे बिजली की रोशनी को तरस रहे हैं। इन पंचायतों में चार दिन से बिजली नहीं है। इस कारण लगभग 20 हजार की आबादी प्रभावित हो रही है। हाल ही में हुई बर्फबारी के कारण विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्राम पंचायत सनवाल, देहग्रां, मंगली, जुनास, बैरागढ, देवीकोठी, गुलेई, सत्यास, बोंदेड़ी, शलेलाबाड़ी, आयल व झज्जाकोठी में बिजली गुल हो गई है, जो अभी तक बहाल नहीं हो पाई है। इस कारण ग्रामीणों को अंधेरे में बर्फीली सर्द रातें काटनी पड़ रही है। बर्फबारी के चलते इन पंचायतों में जगह-जगह से बिजली की तारें टूट गईं हैं। इसके साथ ही कुछ जगह विद्युत खंभे भी ढह गए हैं। इसके चलते बिजली की आपूर्ति ठप हो गई है। बिजली न होने के कारण ग्रामीणों को जहां खाना बनाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं, वहीं स्कूली बच्चों को पढ़ाई करने में अड़चनें पेश आ रही हैं। स्थानीय जिप सदस्य भाग सिंह ने बताया कि बिजली बोर्ड को समस्या के बारे में अवगत करवा दिया गया है। इसके अलावा इन पंचायतों में बिजली की आपूर्ति बहाल करने की मांग की गई है। उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता बाल कृष्ण डोगरा ने बताया कि बर्फ बारी के कारण विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त होने से विद्युत आपूर्ति ठप हुई है। बोर्ड के कर्मचारी लाइन को ठीक करने में जुटे हैं। जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
