
कुल्लू। रूसा प्रणाली से खफा कुल्लू महाविद्यालय के छात्र संगठनों ने मंगलवार को कालेज के प्रवेश द्वार पर ताला जड़ दिया। इससे कालेज का स्टाफ तथा विद्यार्थी कालेज परिसर में प्रवेश नहीं कर पाए। ताला खुलवाने के लिए प्रशासन को पुलिस दल बुलाना पड़ा। हालांकि प्रशासन तथा छात्र संगठनों की आपसी बातचीत से मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया। लेकिन कुछ देर के लिए कालेज में माहौल तनावपूर्ण बना रहा। छात्र नेताओं के साथ वार्ता कर कालेज प्राचार्या धनेश्वरी शर्मा ने विवि प्रशासन को मांगपत्र भेजा।
कुल्लू कालेज के एनएसयूआई, एबीवीपी और एसएफआई तीनों छात्र संगठनों ने इस दौरान विवि प्रशासन तथा कालेज प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की। साथ ही विवि और कालेज प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि एक-दो दिन के भीतर उनकी मांगों को नहीं माना गया तो आंदोलन को और तेज कर दिया जाएगा।
एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष अमित गौड़, एबीवीपी के अध्यक्ष अनीश और एसएफआई के इकाई अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह कोटिया ने बताया कि सीटों को बढ़ाने के लिए चार दिन से कालेज प्रशासन से मांग कर रहे हैं लेकिन कालेज प्रशासन के कानों में जूं तक नहीं रेंगी। उन्होंने बताया कि छात्र हित के लिए तीनों छात्र संगठनों को आज यह कदम उठाना पड़ा है। तीनों छात्र संगठनों ने कालेज प्रशासन से प्रथम वर्ष के लिए 60 से 120 और वाणिज्य विभाग में 120 से बढ़ाकर 240 सीटें करने की मांग की है। छात्र संगठनों का कहना है कि यदि सीटें नहीं बढ़ाई गई तो सैकड़ों छात्रों का भविष्य खराब हो जाएगा। संगठनों ने कालेज प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि यदि तीन दिन के भीतर मांगों को पूरा नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन होगा।
इस मौके पर एनएसयूआई के कैंपस अध्यक्ष वेद प्रकाश, कैंपस महासचिव कपिल राणा, मोनित, इंद्र, अवनिश, संदीप, शिवम, लक्की, एबीवीपी के जिला संयोजक जनेश ठाकुर, छात्र संघ के अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर, सचिव राजकुमार, एसएफआई जिला सचिव गोविंद सिंह भंडारी सहित तीनों छात्र संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
