
हमीरपुर। उखड़ी सड़कें हादसों को न्योता दे रही हैं। सड़कों पर दोपहिया वाहन चालकों की राह आसान नहीं रही है। लेकिन लोक निर्माण विभाग अनजान बन गहरी नींद में है। गर्मियां शुरू हो गई हैं। टारिंग बिछाने का कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है। ऐसे में विभाग द्वारा सड़क पर पडे़ हुए कुछ एक गड्ढों पर पैच वर्क किया जा रहा है।
गड्ढों को भरने में भी लीपापोती की जा रही है। लेकिन सड़कों की स्थिति को देखते हुए सब नाकाफी है। वाहन चालक सुनील कुमार, आशीष, सुनील कुमार, मनोज, अरविंद, विवेक, दीपक, राजेश, राजेंद्र, पूजा, अमृता, राहुल, सवींन, राकेश, हेमंत, आदित्य, सौरभ और विक्रम ने बताया कि सड़कों की हालत खराब हो चुकी है। हमीरपुर से मंडी वाया लंबलू सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं। हालांकि गड्ढों को भरने के लिए पैच वर्क तो किया जा रहा है लेकिन सड़कों पर टारिंग बिछाने का कार्य शुरू नहीं हुआ है। कई जगहों पर सड़कें पूरी तरह से उखड़ चुकी हैं। ऐसे में सड़कों पर दोपहिया वाहन चालकों का चलना खतरे से खाली नहीं।
कोट चौरी सड़क मार्ग की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है। टारिंग बिछाने का कार्य लटका हुआ है। ल्हासे गिरने और बरसात के कारण सड़कें पूरी तरह से उखड़ चुकी थीं। लेकिन अभी तक कार्य शुरू नहीं है। लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिशासी अभियंता एनपी सिंह का कहना है कि पैच वर्क चल रहा है। टारिंग बिछाने का कार्य भी शुरू हो जाएगा। फिलहाल गड्ढों को भरा जा रहा है।
