
रोमः ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका और इजरायल के बीच मतभेद उभर कर सामने आ गए हैं। अमेरिका चाहता है कि ईरान सिद्ध करे कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्य के लिए है लेकिन इजरायल चाहता है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम तत्काल रोक दिया जाना चाहिए।
अमेरिकी विदेश मंत्री जान कैरी और इजायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच आज हुई एक बैठक में इजरायल फिलिस्तीन शांति वार्ता पर चर्चा होनी थी लेकिन इस दौरान ईरान का ही मुद्दा छाया रहा। श्री नेतन्याहू ने संवाददाताओं से कहा कि ईरान के पास परमाणु हथियार बनाने की क्षमता नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि ईरान के पास यूरेनियम संवर्धन के लिए सेंट्रीफ्यूग न हो साथ ही प्लूटोनियम युक्त भारी जल के संयंत्र भी नहीं हों। इनका इस्तेमाल केवल परमाणु हथियार बनाने में होता है। जबकि श्री केरी का कहना है कि ईरान अंतरराष्ट्रीय समुदाय को संतुष्ट करने के लिए ऐसे कदम उठाए जिससे सिद्ध हो कि उसके परमाणु कार्यक्रम बिजली उत्पादन तथा चिकित्सा के लिए है।
