इशरत को लेकर हुए कार्यक्रम में हंगामा

नई दिल्ली। राजधानी के कांस्टीट्यूशन क्लब में शनिवार को जस्टिस फॉर इशरत जहां कैंपेन कार्यक्रम में जबरदस्त हंगामा हुआ। कार्यक्रम से नाराज हिंदू संगठनों ने बैनर-पोस्टर तक फाड़ डाले। कार्यक्रम शुरू होने से पहले से लेकर प्रदर्शनकारियों ने काफी देर तक बवाल काटा। कार्यक्रम में बृंदा करात भी मौजूद थीं।
गुजरात के अहमदाबाद में एनकाउंटर में मारी गई इशरत जहां के पक्ष में शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ता शबनम हाशमी ने कांस्टीट्यूशन क्लब में कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें लेफ्ट पार्टी की सांसद बृंदा करात भी थीं। इसकी जानकारी हिंदू संगठनों को लगी तो दर्जनों की संख्या में कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों के शोरशराबे को बढ़ता देख आयोजकों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता समेत छह प्रदर्शनकारियों को शांति भंग करने के आरोप में हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, संसद मार्ग थाने में बैठाए गए प्रदर्शनकारियों को रविवार सुबह छोड़ा जाएगा। हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने पुलिस कार्रवाई की निंदा की है। इस बारे में बृंदा करात से बातचीत की गई तो उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। कार्यक्रम की संयोजक व सामाजिक कार्यकर्ता शबनम हाशमी ने बताया कि कैंपेन शुरू होने से पहले ही कुछ हिंदू संगठन सभागार में पहुंचकर खलल डालने लगे, तो पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
——
कैंपेन में पहुंचे एक दर्जन से अधिक वक्ता
इशरत जहां जस्टिस फॉर कैंपेन में एक दर्जन से अधिक वक्ता पहुंचे। बृंदा करात ने एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए इशरत को इंसाफ दिलाने का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इशरत के मामले में सरकारी एजेंसियां अलग-अलग बोल रही हैं। वहीं, कार्यक्रम की संयोजिका शबनम हाशमी ने कहा कि एक सोची-समझी साजिश के तहत इशरत की हत्या की गई थी। कैंपेन में जेएनयू छात्र संगठन जुड़े छात्र भी पहुंचे।

इंसाफ दिलाने को कैंडल मार्च
इशरत को इंसाफ दिलाने के लिए कांस्टीट्यूशन क्लब में कैंडल मार्च किया गया। इस मौके पर इशरत की बहन मुशर्रत और मां शमीना भी मुंबई से पहुंचीं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इशरत कोई आतंकवादी नहीं थी और न ही आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तइबा से उसका कोई संबंध था। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले में झूठा प्रचार कर रही है।

Related posts