
बगदादः इराक में बुधवार को अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 28 लोग मारे गए। यह जानकारी पुलिस ने दी है। एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी सिन्हुआ को बताया कि इराकी पुलिस ने दक्षिणी बगदाद के अरब जुबौर क्षेत्र में आठ शव और शुला जिले में पांच अन्य शव बरामद किए।
उन्होंने कहा, ‘‘मृतकों के हाथों में हथकडिय़ां लगी थीं और उनके सीने और सिर में गोलियां मारी गई थीं।’’ एक अन्य घटना में बगदाद के हुरियाह के उत्तरी जिले में बंदूधारियों ने एक घर में धावा बोला और परिवार के पांच लोगों को गोली मार दी। अधिकारी ने कहा कि दौरा जिले के भीड़भाड़ वाले सब्जी बाजार में सड़क किनारे हुए एक बम विस्फोट में दो लोग मारे गए और तीन अन्य घायल हो गए हैं।
वहीं, दिन की शुरुआत में पुलिस ने कहा कि बंदूकधारियों और आत्मघाती हमलावरों ने दो पुलिस थानों और रमादी शहर के पास हमले किए। हमले में कम से कम सात पुलिसकर्मी मारे गए और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इराक हाल के वर्षों में भयावह हिंसक घटनाओं का गवाह रहा है। इराक के लिए संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन के मुताबिक, इस वर्ष जनवरी से अक्टूबर तक करीब-करीब 7,000 इराकी मारे गए और 16,000 से अधिक घायल हो चुके हैं।
