इंतहा हो गई… इंतजार की

धर्मशाला। जिले के दो हजार आवेदक लंबे अरसे से पेंशन मिलने का इंतजार कर रहे हैं। आवेदन स्वीकृत हुए तो इनको सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पेंशन दी जाएगी। इन आवेदकों ने अनुसूचित जाति अन्य पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक मामले विभाग में लंबा अरसा पहले आवेदन किया है लेकिन इनको विभाग की ओर से पेंशन जारी नहीं की जा सके। इनमें कई आवेदक ऐसे भी हैं जो अपने अंतिम पड़ाव पर हैं। इनकी आयु 80 के आसपास है। विभाग के बार-बार चक्कर काटने पर इन्हें सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं।
जिला कल्याण अधिकारी असीम सूद ने बताया कि 2 हजार आवेदकों को जल्द ही पेंशन दी जाएगी। इनके आवेदनों को स्वीकृति के लिए निदेशक के पास भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद आवेदकों को पेंशन दी जाएगी। जयसिंहपुर के बुद्धि सिंह ने बताया कि उन्हाेंने पेंशन के लिए लंबे समय से आवेदन किया था मगर उन्हें पेंशन नहीं मिल पाई। उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। नूरपुर के हरिया राम ने कहा कि उन्हें पेंशन मिलने की उम्मीद कम ही लग रही है। दो साल पहले उन्होंने पेंशन के लिए आवेदन किया था।
देहरा के लौकीनंद ने बताया कि उन्होंने विभाग के पास पेंशन के लिए आवेदन किया था। लंबा अरसा बीत गया मगर उनकी पेंशन नहीं लग पाई। उन्होंने उम्मीद थी कि उन्हें बुढ़ापे में पेंशन लगने से खर्चा चलाने में राहत मिलेगी मगर ऐसा नहीं हो पाया।

कई साल से पेंशन की उम्मीद
जिले से करीब 893 बुजुर्गों, 468 अक्षम व्यक्तियों और 694 विधवा नारियोें ने पेंशन के लिए आवेदन किया है। इन्होंने कई साल पहले पेंशन के लिए फार्म भरकर विभाग में दिए थे।

पेंशन दिलाने के लिए होंगे प्रयास : भारद्वाज
हिमाचल पेंशनर कल्याण संघ के प्रदेशाध्यक्ष ओपी भारद्वाज ने कहा कि अगर पेंशनर अपनी समस्या को लिखित तौर पर उनके पास देंगे तो वह सीएम से इसका निदान करने की मांग करेंगे।

इस कारण होती है देरी
हर साल पेंशन अदायगी के लिए सरकार की ओर से बजट स्वीकृत होता है। स्वीकृत होने वाले बजट से लोगों को पेंशन दी जाती है। शेष अन्य को आगामी वर्ष के बजट से पेंशन मुहैया करवाई जाती है।

Related posts