
नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल में आधार कार्ड बनवाने पहुंच रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आधार कार्ड बनाने में लगे कर्मचारियों द्वारा मंगलवार को बिना सूचना कार्यालय बंद रखा गया जिस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र के लोगों में रोष है।
आधार कार्ड बनवाने पहुंचे लोगों में सुनीता देवी, संजय कुमार, राजेश कुमार, सतीश शर्मा, प्रदीप सिंह आदि का कहना है कि मंगलवार सुबह वे आधार कार्ड बनवाने कार्यालय पहुंचे तो कार्यालय पर ताला लटका था। लोगों ने काफी देर तक आधार कार्ड कार्यालय के बाहर कर्मियों का इंतजार किया लेकिन कोई भी कर्मचारी कार्यालय नहीं पहुंचा। लोगों को दोपहर बाद मायूस होकर घर लौटना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को हुई। पिछले दिन दो लोगों ने आधार कार्ड बनाने में लगे कर्मचारी की धुनाई कर डाली थी। इसके बाद कर्मचारी ने सुरक्षा मुहैया करवाने या दोनों युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के बाद ही कार्यालय खोलने का अल्टीमेटम दिया था। लोगों का आरोप है कि मारपीट के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था लेकिन इसके बावजूद आधार कार्ड बनाने में लगा कर्मी मनमर्जी कर रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि आधार कार्ड कार्यालय को जल्द खुलवाया जाए या दूसरे व्यक्ति की आधार कार्ड बनाने को तैनात किया जाए।
उधर, एडीसी हमीरपुर हिमांशू शेखर चौधरी का कहना है कि कार्यालय को मनमर्जी से बंद करना गलत है। मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने मौका पर ही एसडीएम बलवीर ठाकुर को संबंधित कंपनी के कर्मचारी का नाम पता सहित पूरा ब्योरा भेजने को कहा।
