इंडेन प्लांट के बाहर ट्रक आपरेटरों का प्रदर्शन

मैहतपुर (ऊना)। इंडियन ऑयल कारपोरेशन के गैस प्लांट में शुक्रवार को उस वक्त तनाव पैदा हो गया जब गैस सप्लाई को लगे ट्रकों को रोजाना की तरह प्लांट के अंदर जाने से सुरक्षा कर्मियों ने रोक दिया। कहा कि कंपनी प्रबंधन ने मैहतपुर ट्रक यूनियन की किसी भी गाड़ी को प्लांट के अंदर न घुसने का फरमान जारी कर रखा है। कंपनी की ओर से जारी इस ताजा फरमान के बाद स्थानीय ट्रक यूनियन के तमाम आपरेटरों ने इस बात को लेकर रायपुर सहोड़ां स्थित आईओसी के गैस प्लांट के मेन गेट के समक्ष जमा होकर प्रदर्शन किया। यूनियन का कहना कि उन्होंने वीरवार को हड़ताल नहीं की थी जबकि कंपनी प्रबंधन इस बारे गलत बयानबाजी कर रहा है।
ट्रक आपरेटरों का कहना है कि उनकी यूनियन का कंपनी के साथ गैस सिलेंडरों की सप्लाई का करार है और अगले करार के लिए भी तकनीकी रुप से फैसला हो चुका है लेकिन अचानक कंपनी प्रबंधन ने यूनियन की गाड़ियों को प्लांट के अंदर जाने से रोकने की वजह का खुलासा किए बिना ही यह कदम आखिर क्यों उठाया। यह उनकी समझ से परे है।
शुक्रवार को गैस प्लांट के मेन गेट पर प्रदर्शन कर रहे ट्रक आपरेटरों ने कहा कि कंपनी प्रबंधन उनके पेट पर लात मारकर गैस एजेंसी मालिकों की गाड़ियों को सप्लाई के लिए लगाने का षडयंत्र रच रहा है जो उन्हें कतई मंजूर नहीं। वर्तमान में मैहतपुर ट्रक आपरेटर यूनियन की तकरीबन छह दर्जन गाड़ियां सूबे में गैस सप्लाई कर रही हैं। ट्रक यूनियन के मौजूदा प्रधान संजीव कंवर ने कंपनी प्रबंधन को चेताते हुए कहा कि अगर कंपनी प्रबंधन ने धक्केशाही से एजेंसी मालिकों की गाड़ियों को सप्लाई के लिए लगाया तो यूनियन प्रदेश में की जाने वाली गैस सप्लाई को ठप कर देगी।
प्रदर्शन कर रहे यूनियन के सदस्यों कर्मचंद, अविनाश मेनन, सुनील ऐरी, अरुण मेनन, सतीश कुमार, हुसनचंद, राकेश, रजनीश, भूषण दत्त, विशाल मेनन, जसवंत सिंह, गुलशन कुमार, राजेश कुमार, सुभाष अगिभनहोत्री समेत अनेक अन्य सदस्यों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
उधर आईओसी के स्थानीय गैस प्लांट के मैनेजर नारो टंडप ने कहा कि ट्रक आपरेटरों ने वीरवार दोपहर दो बजे हड़ताल कर दी थी, वह दाम बढ़ाने की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा उनकी 15 गाड़ियां प्लांट के अंदर ले ली थी, बावजूद इसके वह और गाड़ियां अंदर लेने की जिद पर अड़े थे। टेंडर प्रक्रिया अभी चल रही है। लिहाजा अभी यूनियन से करार तय नहीं है।

Related posts