इंडिया गेट से उठेगी मतदान करो की आवाज

मतदान बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग इंडिया गेट पर एक बड़ा आयोजन कर वोट की अपील करेगा। इसमें ह्यूमन चेन बनाने के साथ साइकिल रैली और म्यूजिक कंसर्ट का भी आयोजन किया जाएगा।

दिल्ली चुनाव में पहली बार सिस्टमैटिक वोटर एजूकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टीशिपेशन (स्वीप) के तहत मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है।

इससे पहले कर्नाटक और गुजरात चुनाव में इसे आजमाया गया था। उन राज्यों में मतदान में 10 फीसदी तक का इजाफा हुआ था।

स्वीप के तहत दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी मतदान बढ़ाने की कवायद में जुटे हैं।

मतदान वाले दिन 4 दिसंबर से पहले इंडिया गेट पर वोट फॉर दिल्ली नाम से आयोजन होगा।

शाम 4 बजे से 8 बजे तक चलने वाले कार्यक्रम में ह्यूमन चेन बनाई जाएगी।

इसके अलावा दिल्ली के सभी 9 जिलों के चुनाव अधिकारी कार्यालय से रैलियां निकाली जाएंगी, जो कि इलाके में घूमते हुए इंडिया गेट पहुंचेंगी।

युवाओं को आकर्षित करने के लिए म्यूजिक कंसर्ट का भी आयोजित किया जाएगा। इस कड़ी में आयोग आर्मी बैंड के साथ निजी बैंड ग्रुप को बुलाएगा।

दिल्ली में स्वीप के इंचार्ज नीरज भारती ने बताया कि यह पहला मौका होगा जब इंडिया गेट पर हजारों की संख्या में लोग वोट की अपील करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह एक मेले की तरह होगा। भारती ने कहा कि स्वीप के तहत अभी भी एक्टिविटी जारी हैं और मतदान से पहले यह बड़ा आयोजन होगा।

Related posts