
टौणीदेवी (हमीरपुर)। टौणीदेवी विकास खंड में पंचायतों को हाइटैक करने की कवायद तेज हो गई है। कवायद के तहत 90 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। पंचायतों के कामकाज को बेहतर बनाया जा सकेगा तथा पंचायतों के विकास कार्यों में तेजी लाई आ सकेगी।
पंचायतों को हाइटैक करना समय की जरूरत है तथा कुछ समय से कार्य बिल्कुल ठप पड़ा हुआ था। अब गति के साथ कार्य को पूरा किया जा रहा है। बीडीओ संजीत सिंह ने बताया कि पहले तक खंड की लगभग सभी 46 पंचायतों में इंटरनेट, अन्य सुविधाएं ठप पड़ी हुई थी जिससे पंचायतों के कार्यों को बेहतर ढंग से निपटाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। पंचायतों को बजट सहित अन्य सुविधाएं समय पर नहीं मिल पाती थी तथा विकास कार्यों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा था।
मनरेगा सहित अन्य रिपोर्ट समय पर न आने के कारण बजट समय पर नहीं मिल रहा था। पंचायतों को हाइटैक करने का अभियान जोरों पर चला हुआ है जिससे ग्रामीण विकास की रीढ़ माने जाने वाली पंचायतें सक्षम होकर कार्य कर सकें। विकास खंड की लगभग नब्बे प्रतिशत पंचायतों को हाइटैक करने का कार्य प्रगति पर है तथा शेष को भी आगामी समय में पूरा कर दिया जाएगा। लगभग आधा दर्जन पंचायतों में दूरसंचार, अन्य सेवाएं बेहतर न होने के कारण दूसरी पंचायतों के साथ जोड़ने की योजना है। पंचायत सचिवों व अन्य तकनीकी कर्मियों को बेहतर ढंग से नियमित करने के आदेश दिए गए हैं।
