
नई दिल्ली। आसाराम बापू के विरोध में माफिया उन्मूलन समिति ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया। वहां समिति ने बापू का पुतला जलाने की कोशिश की। इस दौरान वहां पहुंचे आसाराम समर्थकों से उनकी हाथापाई भी हुई। पुलिस ने जंतर मंतर से समिति के संस्थापक मदन लाल आजाद और अध्यक्ष कांता रानी समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि, शाम सात बजे के बाद इनको छोड़ दिया गया। पुलिस की ओर से हिरासत में लेने की वजह सुरक्षा व शांति भंग करना बताई जा रही है।
समिति के संस्थापक मदन लाल आजाद ने कहा कि पुलिस उनके बैनर और चादर व पुतले भी उठा ले गई। उन्होंने आसाराम बापू समर्थकों पर समिति की अध्यक्ष का अपमान करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें जंतर मंतर पर पुतला दहन भी नहीं करने दिया। वहीं, आसाराम के एक समर्थक ने विरोधियों के पोस्टर को आग के हवाले कर दिया।
