आल्टो कार खाई में गिरी, दो घायल

चंबा। चंबा-पठानकोट मार्ग पर चनेड़ के समीप हडोठा नामक स्थान पर एक आल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई और खाई में जा गिरी। इससे आल्टो कार में सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मंगलवार सुबह साढ़े 10 बजे के करीब तिलक राज पुत्र चमन लाल आयु 46 और योगराज पुत्र दुलो राम उम्र 41 निवासी गांव हडोठा डाकघर चनेड़ आल्टो कार नंबर एचपी 73-3574 में सवार होकर चंबा आ रहे थे। घर से कुछ दूरी पर ही कार अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। इससे दोनों लोगों के सिर, बाजू और पीठ में चोटें आई हैं। एक व्यक्ति के दांत भी टूट गए हैं और नाक में भी चोट आई है। राष्ट्रीय एंबुलेंस की ईएमटी पूजा ठाकुर और पायलट राजेंद्र ने घायलों को उपचार दिया और जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। बताया जा रहा है कि तिलक राज कार को चला रहा था और खराब मौसम के चलते सड़क पर फिसलन होने के कारण कार अनियंत्रित होकर अचानक खाई में जा गिरी। तिलक के पिता का दो दिन पूर्व ही निधन हुआ है और वे बीमार होने के चलते जिला अस्पताल में दवाई लेने के लिए जा रहा था। जिला अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद दोनों का उपचार शुरू किया गया। डा. प्रशांत राणा ने बताया कि चमन लाल के कमर की हड्डी खिसक गई थी, उसे भी ठीक कर दिया गया है। उधर, जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनोद शर्मा ने बताया कि घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

Related posts