
कंडाघाट (सोलन)। आर्य समाज कंडाघाट के चार दिवसीय वार्षिक उत्सव का आगाज शनिवार को विधिवत किया गया। उत्सव का शुभारंभ कुरूक्षेत्र के स्वामी विदेह योगी ने झंडा लहराकर किया। सुबह पांच बजे आर्य समाज मंदिर भक्तों ने प्रभात फेरी निकाली। इसके बाद सांय चार बजे तक भजन व कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान दयानंद आदर्श विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इस संबंध में आर्य समाज मंदिर कमेटी प्रधान प्रबोध सूद ने बताया कि आर्य समाज का वार्षिक उत्सव 1944 से मनाया जा रहा है। यह उत्सव 14 मई तक चलेगा। उन्होेंने बताया उत्सव में सुबह नौ से बारह बजे व सांय तीन से पांच बजे और रात्रि आठ से ग्यारह बजे तक विद्वान प्रवचन देंगे। उत्सव में प्रवचन के लिए रोहतक से डा. सुरेंद्र, कल्याण सिंह बेदी और बिजनौर से कुलदीप सिंह पहुंचे हैं। शनिवार को उत्सव के शुभारंभ में स्थानीय बच्चों ने शहर में झांकियां भी निकाली।
