आरोपी पुलिस कर्मियों पर कसा शिकंजा

मनाली। विधायक से खर्चा-पानी मांगने के मामले में पुलिस ने आरोपी पुलिस कर्मियों पर शिकंजा कस दिया है। मामले में निलंबित मनाली के दो पुलिस कर्मियों को पुलिस लाइन कुल्लू में रिपोर्ट करने को कहा है। मनाली में ही चोरी के एक मामले में स्थानीय पुलिस की ओर से त्वरित कार्रवाई न होने की शिकायत पर भी एसपी कुल्लू ने कड़ा संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। कुछ दिन के भीतर लापरवाही और भ्रष्ट आचरण के दो मामले सामने आने के बाद मनाली थाने की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग गए हैं। एसपी ने डीएसपी मनाली को पुलिस थाना की निरंतर मॉनीटरिंग के आदेश दिए हैं।
रविवार रात मनाली के विधायक ठाकुर गोविंद सिंह की गाड़ी के ड्राइवर से उगाही का प्रयास करने वाले पुलिस कर्मचारियों पर निलंबन की गाज गिरने के बाद इन पर कड़ी कार्रवाई की तलवार लटक गई है। मामले में पुलिस गहन जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद इन पर शिकंजा कसेगा। एसपी विनोद धवन ने बताया कि आरोपी पुलिस कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई होगी।

Related posts