आरोपी ने जंगल में छुपाए थे 11 लाख

बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर में करोड़ों रुपए की बरामदगी मामले में पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 11 लाख 2 हजार रुपए और बरामद किए हैं। नकदी को पुलिस ने दलचेहड़ा गांव को जाने वाले रास्ते में जंगल में स्थित चीड़ के पेड़ के खोल से बरामद किया। पुलिस ने नकदी को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
साहिल चंदेल पुत्र रमेश चंद निवासी हाउस नंबर 108 हरगोबिंदनगर लुधियाणा (पंजाब) को पुलिस ने बड़सर में रविवार रात गिरफ्तार किया था। न्यायालय ने आरोपी को 26 जुलाई तक पुलिस रिमांड में भेजा है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी ने कबूला कि उसने दलचेहड़ा गांव को जाने वाले रास्ते में स्थित चीड़ के पेड़ के खोल में पैसे छुपाए हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दलचेहड़ा के जंगल में दबिश दी तो चीड़ के पेड़ के खोल से 11 लाख दो हजार रुपए की नकदी बरामद हुई है। पुलिस ने नकदी को कब्जे में ले लिया है। आरोपी ने बताया कि पंजाब से भागते हुए घोड़ी धबीरी सड़क मार्ग पर आ गए थे। जबकि पीछे लगी पंजाब पुलिस दूसरे सड़क मार्ग पर चली गई। पुलिस के डर के मारे जंगल में छुप गए और सारी रात आल्टो सहित जंगल में गुजारी। दूसरे दिन गाड़ी लेकर दियोटसिद्ध पहुंचे जहां गाड़ी छोड़ दिल्ली भाग गए। उसका दूसरा साथी अमित भी साथ था। पंजाब पुलिस से बचने के लिए कार की नंबर प्लेट्स तोड़ दी थी।

पुलिस ने नकदी को कब्जे में ले लिया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ जारी है।
-जगत राम, पुलिस अधीक्षक

Related posts