
बड़सर (हमीरपुर)। फिरौती मामले के गिरफ्तार आरोपी साहिल के मामा को पंजाब पुलिस ले गई है। पुलिस ने मामा को गिरफ्तार किया है या फिर पूछताछ के मकसद से साथ लेकर गई है स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। पुलिस को जानकारी तो है लेकिन मामले में बोलने से इंकार कर रही हैं। पंजाब पुलिस ने स्थानीय पुलिस को आरोपी के मामा को साथ ले जाने की सूचना भी नहीं दी है। सूत्र बताते हैं कि पंजाब पुलिस ने पूछताछ के लिए संबंधित व्यक्ति को बुलाने का आग्रह किया था, लेकिन सहयोग न मिलने पर पुलिस बिना बताए मामा को अपने साथ ले गई। आरोपी ने लुधियाना में अन्य साथियों के साथ किडनैपिंग मामले में पांच करोड़ फिरौती ली थी। पंजाब पुलिस ने अन्य साथियों को पकड़ लिया लेकिन आरोपी साहिल राशि लेकर दियोटसिद्ध पहुंच गया। पंजाब पुलिस आरोपी के पीछे लगी हुई थी। 16 जुलाई को दियोटसिद्ध में एक गाड़ी से 4.61 करोड़ की राशि बरामद हुई थी। बड़सर पुलिस ने एक सप्ताह बाद 22 जुलाई को आरोपी साहिल को दलचेहड़ा गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया तथा आरोपी से नौ लाख बरामद किए। अदालत से रिमांड पर लेने के बाद आरोपी से 11 लाख बरामद किए थे। सूत्रों के मुताबिक पंजाब पुलिस बड़सर क्षेत्र में डेरा जमाए हुई थी तथा आरोपी की तलाश कर रही थी। क्षेत्र में चर्चा है कि पंजाब पुलिस आरोपी के मामा को ले गई है तथा सूचना बड़सर पुलिस को भी नहीं लग पाई। जमली पंचायत प्रधान राधा देवी ने बताया कि पुलिस ने पंचायत से कोई संपर्क नहीं किया, लेकिन चर्चा है कि पंजाब पुलिस आरोपी के मामा को लेकर गई है।
