आरोपियों को मिली जमानत

हमीरपुर। हमीरपुर के बहुचर्चित छेड़छाड़ प्रकरण के कथित आरोपियों की ओर से जिला व सत्र न्यायाधीश के समक्ष अग्रिम जमानत की अर्जी दायर करने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है। माननीय जिला व सत्र न्यायाधीश सीएल कोचर ने चारों कथित आरोपियों नरेश लखनपाल, राजीव चोपड़ा, सुरेंद्र अग्निहोत्री और कुलदीप शर्मा को 19 सितंबर तक जमानत दे दी है। अब 19 सितंबर को ही मामले के संबंध में सुनवाई होगी। बहुचर्चित कांड में कांग्रेस सेवादल के नेताओें के कथित तौर पर शामिल होने को लेकर भाजपा ने मुद्दा बनाने का प्रयास किया था। मामले में पीड़ित महिला की एफआईआर को लेकर भाजपा ने न केवल प्रदर्शन किया, बल्कि हमीरपुर सदर थाने का घेराव भी किया था। पुलिस ने महिला द्वारा लगाए गए छेड़छाड़ के आरोपों के बाद तीसरे दिन मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने मामले की छानबीन के दौरान अस्पताल कर्मचारियों के बयान लिए हैं। पुलिस ने घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक, फार्मासिस्ट तथा होमगार्ड जवान के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस उपाधीक्षक शिव कुमार के अनुसार अवकाश के कारण जांच में कुछ समय लगा है, परंतु पुलिस गहनता से मामले में सारे तथ्यों की छानबीन में जुटी है। पुलिस मौका ए वारदात तथा सभी प्रकार की परिस्थितियों के गहन अध्ययन तथा गवाहों के बयान दर्ज करने के कार्य को शीघ्र ही पूरा कर लेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस निष्पक्षता से मामले की जांच में जुटी हुई है।
दूसरी ओर गिरफ्तारी से बचने के लिए कथित आरोपियों द्वारा अग्रिम जमानत लेने को लेकर भी शहर में चर्चा का बाजार गर्म है। भाजपा मुद्दे को अधिक हवा देकर मुख्य संसदीय सचिव पर इस्तीफा देने का दबाव बनाने के प्रयास में है। कांग्रेस ने भी मुद्दे को सीपीएस की छवि को दागदार करने के भाजपा के प्रयासों की हवा निकालने का काम शुरू कर दिया है।

Related posts