आरा मशीन समेत स्लीपर कब्जे में

कुल्लू(भाग सिंह)पार्वती वन विभाग मंडल ने वन संपदा को नष्ट करने वाले वनकाटुओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। गत दिवस जहां विभाग ने पुलिस के साथ मिलकर करीब 35 लाख रुपये की लकड़ी बरामद की, वहीं वन विभाग की एक टीम ने वीरवार को हुरला रेंज में छापामारी कर एक आरा मशीन को अपने कब्जे में लिया है। इसके अलावा आधा दर्जन स्लीपर भी बरामद किए हैं।
एसीएफ पार्वती एसएस कश्यप की अगुवाई वाली टीम में वन रक्षक वरुण कुमार तथा नीरज शर्मा ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर चौकी नामक गांव से एक आरा मशीन समेत सात देवदार के स्लीपर बरामद किए हैं। डीएफओ पार्वती संदीप शर्मा इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि विभाग वन संपदा को नष्ट करने वाले लोगों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शेगा। विभाग ने इस तरह की शिकायतें आने पर छापामारी अभियान तेज कर दिया है। हुरला रेंज के चौकी गांव में पकड़ी गई आरा मशीन तथा स्लीपर भी इसी का नतीजा है। उन्होंने बताया कि वन विभाग सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहा है। डीएफओ ने कहा कि मामले में संलिप्त लोग अगर वन विभाग का सहयोग नहीं करते हैं तो पुलिस का भी सहयोग लिया जा सकता है। उधर, विभाग की इस कार्रवाई से इलाके के वन माफिया में हड़कंप मच गया है।

Related posts