आयरन की गोलियां खाने से सरोजनी नगर में भी बीमार हुए थे छात्र

नई दिल्ली। आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां खाने से दक्षिणी जिले के सरोजनी नगर स्थित स्कूल के भी करीब एक दर्जन छात्र बीमार हुए थे। उनको सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। एक छात्र ने सरोजनी नगर थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सरोजनी नगर में दिल्ली हाट के पास लक्ष्मीबाई नगर में नवयुग स्कूल है। यहां बृहस्पतिवार को कक्षा छह से 12वीं तक के करीब 500 छात्र-छात्राओं को आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां दी गई थीं। इसके बाद कुछ बच्चों ने उल्टी व पेट दर्द की शिकायत की थी। जिस पर स्कूल के पीटी टीचर पीडी शर्मा ने गोलियां खाने के बाद बीमार हुए करीब एक दर्जन बच्चों को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। दक्षिणी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सफदरजंग अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी छात्रों को छुट्टी दे दी गई है।

Related posts