आभा बंसल और कर्ण चौधरी बने चैंपियन

ऊना। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से आयोजित छह दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के समापन पर उपायुक्त अभिषेक जैन ने विजेता एवं उपविजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता में जिला भर के 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें 185 मैच करवाए गए। प्रतियोगिता में महिला वर्ग की चैंपियन आभा बंसल, जबकि पुरुष वर्ग में कर्ण चौधरी ने विजेता का खिताब हासिल किया। इस मौके पर उपायुक्त अभिषेक जैन ने जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के खेल क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से यह संस्था बैडमिंटन खेल में बच्चों को प्रोत्साहन दे रही है। उन्होंने एसोसिएशन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। इससे पहले संघ के प्रदेश सचिव राजेंद्र शर्मा ने बताया कि एसोसिएशन 39 वर्षों से लगातार मैच करवा रही है। उन्होंने कहा कि इस एसोसिएशन ने बैडमिंटन के खेल को न केवल बढ़ावा दिया, बल्कि इसने ऊना से कई राष्ट्रीय स्तर के बैडमिंटन खिलाड़ी भी तैयार किए हैं। राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता इस बार ऊना में होगी। 10 सितंबर से 14 सितंबर के बीच होने वाली प्रतियोगिता के लिए प्रदेश भर से खिलाड़ी यहां पहुंचेंगे। इसकी जानकारी संघ के सचिव टीएल वालिया ने दी। इस मौके पर कांग्रेस नेता रणजीत राणा, उद्योग विभाग के निदेशक राकेश दत्ता, तिलकराज पुरी, जगदीश राम, संतोख सिंह अरोड़ा, नरेंद्र सैनी, जिला खेल अधिकारी एमपी वैद्य, सन्नी कौशल, डा. शिवपाल, अशोक ठाकुर, एडवोकेट ओपी वर्मा, सुनील वर्मा, अशोक शर्मा, अशोक आंगरा, संजीव शर्मा, राम सिंह, कंवर दिलावर, राहुल रंधावा, आरएस रंधावा, एसके बंसल, देवेंद्र अरोड़ा, दीपक कुमार व अनिल राजपूत सहित कई अन्य खेल प्रेमी एवं सामाजिक क्षेत्र के जाने-माने लोग भी मौजूद थे।

Related posts