
कराची: जबरदस्त फार्म में चल रहे पाकिस्तानी आलराउंडर शाहिद आफरीदी को हाल ही में वेस्टइंडीज के साथ खेली गई त्रिकोणीय सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद कैरेबियाई प्रीमियर लीग (सीपीएल) में खेलने का प्रस्ताव मिला है। आफरीदी ने इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा है कि सेंट लुसिया से उन्हें 30 जुलाई से सीपीएल में खेलने का प्रस्ताव मिला है।
हालांकि वह विदेशी खिलाडिय़ों की उस सूची में शामिल नहीं है जिन्हें कैरेबियाई लीग में खेलने के लिए करार किया जा चुका है। पाकिस्तानी आलरांउडर ने कहा ‘मैं इस करार को अच्छी तरह से देखूंगा और उसके बाद ही कोई निर्णय लूंगा। लेकिन इतने बड़े टूर्नामेंट में खेलने को लेकर मैं उत्साहित हूं। यह पहली बार है कि कैरेबियाई देश में टवंटी 20 लीग हो रही है जिसमें विदेशी खिलाडिय़ों को भी खेलने का मौका मिल रहा है।’
खबरों के अनुसार वेस्टइंडीज के टवंटी 20 कप्तान डैरेन सैमी की सिफारिश पर ही आफरीदी को सीपीएल में खेलने का प्रस्ताव दिया गया है। पाकिस्तान ने हाल ही में वेस्टइंडीज को वनडे सीरीज में 3-1 से हराया है। सीपीएल की छह टीमों के लिए पाकिस्तानी टवंटी 20 कप्तान मोहम्मद हफीज, ओपनर अहमद शहजाद और शोएब मलिक पहले ही करार कर चुके हैं।
