
नई दिल्ली में उम्मीदवारों का नाम तय करने के आखिरी चरण में आम आदमी पार्टी में नाम वापसी की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
कृष्णा नगर के बाद अब पालम, तिमारपुर और सीलमपुर के उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। सूत्र इसकी वजह जहां प्रत्याशियों का खराब प्रदर्शन बता रहे हैं, वहीं पार्टी का कहना है कि उम्मीदवारों ने अपनी मर्जी से नाम वापस लिया है।
इन सीटों पर नए उम्मीदवारों का नाम राजनीतिक मामलों की समिति तय करेगी।
दरअसल, हर दस दिन में पार्टी के उम्मीदवारों के साथ वरिष्ठ नेताओं की बैठक होती है। इस दौरान चुनाव तैयारियों पर चर्चा में होती है।
इसमें खास तौर से प्रत्याशियों के प्रदर्शन का आकलन किया जाता है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में अगर लगता है कि प्रत्याशी का प्रदर्शन बेहतर नहीं है तो उसे नाम वापस लेने की सलाह दी जाती है।
फिलहाल ज्यादा दिक्कत पार्टी के वालंटियर के साथ आ रही है। पालम के प्रत्याशी को छोड़कर वापस लिए गए नामों में से तीन वालंटियर रहे हैं। अनुभव की कमी से इनके प्रदर्शन में सुधार नहीं हो रहा था।
पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह का कहना है कि सभी उम्मीदवारों ने अपनी मर्जी से सीट छोड़ी है। उनको दूसरा काम सौंपा जा रहा है। इन सीटों पर नए उम्मीदवार का फैसला राजनीतिक मामलों की समिति करेगी।
बता दें कि पार्टी ने अभी तक 57 सीटों से उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इनमें से करीब 45 वालंटियर को टिकट दिया गया है।
वहीं, पांच सीटों के संभावित उम्मीदवारों के नाम का ऐलान हो गया है। इसके अलावा आठ सीटों पर उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग का दौर चल रहा है।
