
टिहरी की सांसद राज्यलक्ष्मी शाह ने आपदग्रस्त गांवों का भ्रमण करने के बाद आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आपदा के नाम पर राजनीति कर रही है। राज्य में आपदा से हुए नुकसान का अभी तक सही ढंग से आंकलन तक नही किया गया है।
बुधवार को सांसद ने बसंतनगर, कंडिया, रेवड़ी, गुंदियाटगांव, पोरा आदि गांवों का भ्रमण कर दैवी आपदा से हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अभी तक कई आपदाग्रस्त गांवों का सर्वेक्षण तक नहीं करवाया जिससे आपदा पीड़ितों के सामने आजीविका का संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कंडिया गांव पहुंच कर केदारनाथ की आपदा के मृतक अनिल सिंह और यशवंत सिंह के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया । सांसद ने आपदा ग्रस्त क्षेत्रों में तबाह हुई कृषि भूमि को बचाने के लिये केंद्र और प्रदेश सरकार से बाढ़ बंदोबस्त कार्य शुरू कराने की मांग की । इस मौके पर भाजपा की जिलाध्यक्ष आंनदी राणा, बलदेव रावत, त्रिभुवन राणा आदि मौजूद थे।
