आनी में बीस घंटे गुल रही बत्ती

आनी (कुल्लू)। क्षेत्र में लोगों को वीरवार की रात अंधेरे में काटने के लिए मजबूर होना पड़ा। जहां एक ओर लोग बिजली न होने के कारण परेशान रहे, वहीं दूसरी ओर बिजली आपूर्ति बंद होते ही बीएसएनएल की सेवाएं भी खामोश हो गईं। इससे लोगों की परेशानियां और बढ़ गईं। शुक्रवार को भी दोपहर तक बिजली आपूर्ति बहाल न होने के कारण लोगों के बैंक के काम नहीं हो पाए।
निरसू के पास 66 केवी लाइन के टूट जाने से आनी क्षेत्र में बीस घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली आपूर्ति ठप होने से जहां लोगों को अंधेरे में रहना पड़ा, वहीं बीएसएनएल की सेवाएं भी बिजली जाने के दो घंटे बाद बंद हो गईं। इससे आनी, निरमंड, छतरी, कोटलू, तेबण तथा सुकेत क्षेत्र में अंधेरा पसरा रहा। नित्थर क्षेत्र के कुछ गांवों को छोड़ उक्त क्षेत्र में भी बिजली आपूर्ति ठप रही। क्षेत्रवासी ज्ञान शर्मा, खयालेराम, किशोरी लाल तथा बलवीर ठाकुर का कहना है कि आनी क्षेत्र में बिजली की समस्या आम बनती जा रही है। बिजली जाते ही बीएसएनएल की सेवाएं जवाब दे जाती हैं। यहां लगाए गए टावर में बैटरियों का बैकअप नाम मात्र का है, जिस कारण क्षेत्र के लोगों को बीस घंटे तक दोहरी परेशानियों से दो चार होना पड़ा।
एसडीओ बीएसएनएल आरएल शर्मा का कहना है कि बहुत जल्द नई बैटरी लगा दी जाएगी। बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता कुमारसैन राजेंद्र कुमार का कहना है कि निरसू के पास 66 केवी तार टूटने से यह समस्या आई है, जिसे दोपहरतक दुरुस्त कर दिया गया है।

Related posts