आनी में फंदे से झूला युवक, मौत

आनी (कुल्लू)। यहां एक युवक ने फंदे से झूलकर अपनी जान दे दी। युवक लंबे समय से बीमार चल रहा था। माना जा रहा है कि बीमारी से तंग आकर ही उसने ऐसा कदम उठाया। पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक कुंगश पंचायत के सेरीबील गांव निवासी प्रेमचंद (35) ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। उसका शव घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर एक पेड़ से लटका मिला। शनिवार सुबह करीब पौने सात बजे गांववालों ने इस घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी। इस पर एसएचओ राजकुमार तथा मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि आत्महत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और तफ्तीश की जा रही है। युवक ने मौत को गले क्यों लगाया, इसके सही कारणों का पता नहीं चला है। उन्होंने बताया कि गांव में लोगों से हुई पूछताछ में पता चला है कि युवक लंबे समय से बीमार था। इस कारण वह परेशान था। कभी-कभी आत्महत्या करने के बारे में भी कहता रहता था। इसलिए पुलिस को संदेह है कि बीमारी से तंग आकर ही उसने ऐसा कदम उठाया है। प्रेमचंद की मां घटना वाले दिन बेटी के पास गईं थीं।

Related posts