
कुल्लू। दशहरा उत्सव के दौरान कुल्लू से आनी के लिए स्पेशल बसें चलाई जाएंगी।
इससे बाह्य सराज के हजारों लोगों को राहत मिलेगी। शुक्रवार को दशहरा में परिवहन सेवा को लेकर हुई दशहरा समिति की बैठक में आनी के लिए स्पेशल बसें चलाने का फैसला लिया गया। समिति ने इस सेवा को 18 से 21 अक्तूबर तक जारी रखने की बात कही है। आरएम पवन कुमार शर्मा ने बस सेवा शुरू करने की पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि दशहरे में बाह्य सराज के लोगों की सुविधा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। दशहरा परिवहन समिति के सदस्य चंद्रकेश शर्मा ने बताया कि दशहरा समिति के अध्यक्ष एवं डीसी राकेश कंवर की अध्यक्षता में हुई परिवहन समिति की बैठक में उन्होंने इस मुद्दे को उठाया। इस पर उपायुक्त ने हामी भरते हुए 18 से 21 अक्तूबर तक बस सेवा शुरू करने की बात कही है।
उन्होंने कहा कि शाम आठ बजे यह बस ढालपुर से रवाना होगी। अगली सुबह सात बजे कुल्लू वापस आएगी। यह पहला मौका है जब दशहरा पर्व पर कुल्लू से आनी के लिए समिति स्पेशल बस चला रही है। बस सेवा शुरू करने की भनक लगते ही बाह्य सराज के लोगों में खुशी है। उन्होंने बस सेवा शुरू करने पर डीसी राकेश कंवर और आरएम पवन शर्मा का आभार जताया है।
