आनी को नगर पंचायत का दर्जा मांगा

आनी (कुल्लू)। आनी कस्बा सात पंचायतों से घिरा हुआ है। सभी पंचायतों की बाउंडरी आनी में खत्म हो जाती है। ऐसे में आनी क्षेत्र विकास के मामले में लगातार पिछड़ रहा है। हालांकि, एसडीएम सहित सभी विभागों के कार्यालय यहां स्थित हैं, लेकिन फिर भी आनी की सुध लेने वाला यहां कोई नहीं है। ऐसे में यहां के लोगों को भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है।
आनी क्षेत्र करीब सात पंचायताें से घिरा है। जबकि, मुख्य बाजार दो पंचायतों में बंटा है। आनी का नया बस अड्डा, राजा रघुवीर सिंह स्टेडियम, आनी लोनिवि का विश्राम गृह, कांगड़ा बैंक, पशु चिकित्सालय समेत कई अन्य विभागों के कार्यालय बखनाओं पंचायत में पड़ते हैं। जबकि, आनी एसडीएम कार्यालय, बीडीओ कार्यालय, आनी अस्पताल, मेला मैदान सहित कई अन्य विभागों के कार्यालय आनी पंचायत के तहत आते हैं। इसके अलावा आनी कालेज खंड की तलूना पंचायत में पड़ता है। इसके अलावा आनी कस्बे का क्षेत्र यहां की कराणा, कुंगश, बखनाओं ,तलूना, ख्जाबन आदि पंचायतों से घिरा है। इसके चलते यहां के लोगों को भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। आलम यह है कि आनी में जहां सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई है। लोगों को अपने पंचायत के काम करवाने के लिए भी दिक्कत हो रही है। इसके अलावा आनी बाजार में पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने के कारण जाम लगना आम बात हो गई है। ऐसे में क्षेत्र के लोगों ने प्रदेश सरकार ने मांग की है कि आनी को अलग से नगर पंचायत का दर्जा दिया जाए। इससे यहां रुके कार्य समय रहते पूरे होंगे।

Related posts