
नई दिल्ली। शकरपुर इलाके में मंगलवार रात बदमाशों ने डीटीसी बस के कंडक्टर पर धारदार हथियार से हमला कर उसका रुपयों से भरा बैग लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना से गुस्साए डीटीसी स्टाफ ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग को लेकर हरी नगर बस डिपो के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस के मुताबिक, वारदात देर रात करीब 10:30 बजे हुई। रूट संख्या-740 की डीटीसी लो फ्लोर बस उत्तम नगर से आनंद विहार की ओर जा रही थी। रास्ते में लक्ष्मी नगर लालबत्ती से कुछ बदमाश बस में चढ़ गए। बस में सवारियां कम थीं। बदमाशों ने बस में चढ़ते ही कंडक्टर गोविंद से रुपयों से भरा बैग लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक बदमाश ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। बाद में बैग लूटकर सभी आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद गोविंद को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। घटना को लेकर डीटीसी स्टाफ में काफी रोष है। डन्होंने रात के समय राजधानी की सड़कों पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
