आधी दुनिया का रुख तय करेगा हार-जीत

बिलासपुर। जनपद बिलासपुर के छह में से पांच कालेजों में हो रहे छात्र संघ चुनावों में आधी दुनिया का रुख ही हार-जीत तय करेगा। छात्राएं 24 प्रत्याशियों की जीत तय करेंगी। विभिन्न कालेजों में इस बार छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक है।
जिले भर में कुल 4787 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। 441 मतदान नहीं दे सकेंगे। जिले के कालेजों में 54 फीसदी छात्राएं तथा 46 फीसदी छात्र मतदाता हैं। स्वामी विवेकानंद डिग्री कालेज घुमारवीं में सबसे ज्यादा 1336 तथा डिग्री कालेज नयनादेवी में सबसे कम 30 छात्रा मतदाता हैं। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर में 1205, स्वामी विवेकानंद डिग्री कालेज घुमारवीं में 1336, जुखाला में 95, झंडूता में 181 तथा डिग्री कालेज नयनादेवी में 63 छात्रा मतदाता हैं। उधर, छात्र मतदाताओं की संख्या कम हो गई है। बिलासपुर कालेज में 990, घुमारवीं कालेज में 792, जुखाला कालेज में 53, झंडूता कालेज में 42 तथा डिग्री कालेज नयनादेवी में 30 छात्र मतदाता हैं। कई मतदाता इस बार मतदान करने से वंचित भी रहेंगे। बिलासपुर कालेज में 167, स्वामी विवेकानंद डिग्री कालेज घुमारवीं में 235, जुखाला में 19, झंडूता में 13, डिग्री कालेज नयनादेवी में 7 मतदाता मतदान नहीं कर पाएंगे।
पीजी कालेज बिलासपुर के प्राचार्य आरपी चोपड़ा, घुमारवीं कालेज के प्राचार्य जगदीश, झंडूता कालेज की प्राचार्य उमा वर्मा, जुखाला कालेज के प्राचार्य मीरा गुप्ता, रूलदू राम डिग्री कालेज नयनादेवी के प्रधानाचार्य राकेश ठाकुर ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

Related posts