
बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र के तूतडू में आधा दर्जन युवकों ने एक डीजे आपरेटर युवक पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। पुलिस ने शिकायतकर्ता के लिखित बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय कुमार पुत्र हरनाम सिंह निवासी लखरूंह ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वीरवार रात वह अपना डीजे सैट लेकर छतैहड़ गांव में शादी में गया हुआ था। जहां पर कुछेक लोगों के साथ उसकी किसी बात को लेकर तू-तू, मैं-मैं हो गई। लेकिन, वहां पर लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया। अजय कुमार ने बताया कि जब वह देर रात अपने घर लौट रहा था तो रास्ते में तूतडू के पास आधा दर्जन के करीब युवकों ने उसका रास्ता रोका और उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। जिसमें उसे गंभीर चोटें आई है। एएसपी राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने अजय कुमार की शिकायत पर आरोपी युवकों के खिलाफ आईपीसी धारा 341, 147, 323 के तहत मामला दर्जकर लिया है
