
हमीरपुर।(नीरू) हमीरपुर के साथ लगते अणु, ककरू, चौकी जंबाला, कुठेड़ा सहित करीब आधा दर्जन गांवों में बिजली की आंख मिचौली जारी है। बिजली की आंख मिचौली से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों की परीक्षाएं नजदीक हैं। ऐसे में रात को बिजली जाने से छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय कॉलेज में दूर दराज क्षेत्रों से आए छात्र अणु और साथ लगते गांवों पीजी और किराये के कमरों में रहते हैं। बिजली जाने से छात्रों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों विपन सिंह, राजेश कुमार, विजेंद्र सिंह, कमला देवी, रमेश चंद, अनूप सिंह राणा, कमल नाथ, राकेश कुमार, वीर सिंह आदि का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से बिजली की समस्या बनी हुई है। दिन में तीन या चार बार बिजली कट लगता है। शाम को बिजली गुल होने के बाद सुबह से पहले नहीं आती है। शिकायत करने के लिए फोन करते हैं तो कर्मचारी, अधिकारी फोन तक नहीं उठाते हैं। शिकायत करवाने जाओ तो शिकायत कक्ष में कोई मिलता नहीं है। छात्रों दिनेश ठाकुर, मंजू शर्मा, आदित्य, अखिल, मनोज, संजय, संदीप, सुरेंद्र आदि का कहना है परीक्षाएं नजदीक हैं। कुछ समय से बिजली कट लगने से उन्हें पढ़ाई के लिए समय नहीं मिल रहा है। शाम के समय बिजली जाने से समस्या और भी बढ़ जाती है। लोगों ने विद्युत बोर्ड से समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
वहीं अधिशासी अभियंता आरएस ठाकुर का कहना है कि समस्या उनके ध्यान में है, जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
