आधार नंबर नहीं तो छात्रवृत्ति भी नहीं मिलेगी

चंबा। डिग्री कॉलेज चंबा में बिना आधार कार्ड वाले विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। ई-पास सॉफ्टवेयर बिना आधार नंबर वाले विद्यार्थियों के आवेदन स्वीकार नहीं कर रहा है। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने आए करीब 20 विद्यार्थियों को आधार नंबर न होने के चलते बेरंग लौटना पड़ा है। इन विद्यार्थियों को कॉलेज प्रशासन ने आधार कार्ड नंबर लाने के आदेश दिए हैं। सॉफ्टवेयर में आधार कार्ड की पंजीकरण संख्या डालने के बाद भी आवेदन नहीं हो रहा है। कॉलेज प्रशासन की भी मजबूरी है जिस साफ्टवेयर में विद्यार्थियों के आवेदन भरे जा रहे हैं, उसमें आनलाइन आवेदन के दौरान आधार नंबर न डालने पर आवेदन को स्वीकार नहीं किया जा रहा है। इससे इन विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति से वंचित रहना पड़ सकता है। विद्यार्थियों योगराज, दिनेश कुमार, नरेंद्र ने बताया कि उन्होंने आधार कार्ड के लिए अप्लाई कर दिया है। इसका पंजीकरण नंबर भी उनके पास है लेकिन उनका आधारकार्ड अभी तक नहीं आया है। कॉलेज के क्लर्क रविंद्र ने बताया कि बिना आधार नंबर वाले विद्यार्थियों के आवेदन नहीं लिए जा रहे हैं। इन विद्यार्थियों को आधार नंबर लाने के आदेश दिए गए हैं। विद्यार्थियों ने यह समस्या प्राचार्य के समक्ष भी रखी है। स्थानीय कॉलेज की कार्यकारी प्राचार्या मंजुला शर्मा ने बताया कि ई-पास सॉफ्टवेयर में आधार नंबर न होने पर आवेदन फार्म रिजेक्ट करने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि समस्त विद्यार्थियों ने आधार कार्ड के लिए अप्लाई किया हुआ है। अगर विश्वविद्यालय प्रशासन इस संबंध में आदेश जारी करता है तो वे विद्याथियों को इस संबंध में सूचित कर देंगे।

Related posts