आधार कार्ड बनाने नहीं पहुंची टीम

गलोड़ (हमीरपुर)। आधार कार्ड बनाना लोगों के लिए टेड़ी खीर बन गया है। कभी आधार कार्ड का पंजीकरण करने वाली टीम धोखा दे जाती है तो कभी अधिकारियों की गलत सूचना परेशानी का सबब बन रही है। ऐसा ही एक मामला रविवार को गलोड़ में पेश आया। गलोड़ खास में रविवार को आधार कार्ड बनाने के लिए लोगों को बुलाया गया था। इसके लिए बाकायदा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से सूचना लोगों तक पहुंचाई गई थी। लोग भी मौके पर पहुंचे लेकिन उन्हें तब निराशा हाथ लगी जब आधार कार्ड बनाने वाले कोई नहीं पहुंचे। लोग आधार कार्ड बनाने के लिए सुबह ही पहुंच गए थे और दूर-दूर से आए थे लेकिन लंबा इंतजार करने के बाद उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
लोगों सुरेंद्र सिंह, लता देवी, सुनीता देवी, सीमा देवी, प्रदीप कुमार, सुनील कुमार, रजनीश कुमार, अशोक कुमार, अनिल कुमार, निकिता, नेहा, मेहर सिंह, शशि, मीना, रेखा, अजय, टींकल, सुभाष, प्रकाशो देवी, मीना कुमारी सहित अन्य ने बताया कि गलोड़ खास पंचायत घर में आधार कार्ड बनाए जाने की सूचना आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से मिली थी। इसी कारण कांगू, बढेड़ा, पन्याली, सरेड़ी, गलोड़, नारा, ब्राहलड़ी, हडे़टा, गलोड़ खास, कुढार से भारी संख्या में लोग पंचायत घर पहुंचे थे। दोपहर तक टीम का कोई भी सदस्य पंचायत घर में नहीं पहुंचा। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को इससे खासी परेशानी उठानी पड़ी। पंचायत घर में पहुंचकर जानकारी मिली कि फाहल में आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। उन्होंने मामले को लेकर रोष जताया तथा प्रशासन से जनता को परेशान न करने का आग्रह किया।
गलोड़ पंचायत प्रधान सरोज वर्मा का कहना है कि विभाग की ओर से कोई सूचना नहीं दी गई कि पंचायत घर गलोड़ खास में आधार कार्ड बनेंगे।
क्या कहते हैं अधिकारी
खंड विकास अधिकारी नादौन संजीव ठाकुर ने इस मामले में अनभिज्ञता जताई। आधार कार्ड बनाने वाली टीम ने कहा कि तहसील कल्याण अधिकारी ने फाहल में आधार कार्ड बनाने के लिए पंजीकरण के निर्देश दिए गए थे, इसलिए रविवार के दिन गलोड़ खास में आधार कार्ड पंजीकरण का कार्य नहीं हो सका।

मुझे कोई सूचना नहीं है। नादौन आधार कार्ड केंद्र से भी कर्मचारी नौकरी छोड़ चुका है। उच्चाधिकारियेां को अवगत करवा दिया गया है। कर्मचारियों की तैनाती से ही समस्या का समाधान हो सकेगा।

Related posts