आतंकी घुसपैठ की आशंका से जिले में रेड अलर्ट

टनकपुर/बनबसा। देहरादून में 15 दिसंबर को भाजपा नेता नरेंद्र मोदी की रैली में आतंकी हमले के लिए नेपाल से आतंकियों की घुसपैठ की आशंका को लेकर जिले में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खुफिया तंत्र को सीमा और सीमा पार की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए है। पुलिस अधीक्षक केएस नागन्याल ने सीमा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले मातहतों को सुरक्षा संबंधी जरूरी निर्देश दिए हैं।
खुफिया तंत्र ने सिमी और अन्य आतंकी संगठनों के लोगों के नेपाल के रास्ते भारत में घुसपैठ कर मोदी की देहरादून रैली में गड़बड़ी फैलाने की आशंका जताई है। पुलिस अधीक्षक नागन्याल ने दोनों देशों के बीच आवाजाही करने वालों पर पैनी नजर रखने और विशेषकर नेपाल से आने वालों की सघन तलाशी लेने को कहा है। भारत-नेपाल के बीच आवाजाही के अवैध रास्तों पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर कोतवाल नरेश चंद, बनबसा थानाध्यक्ष आरएस मेहता, एसआई बीआर पौरी, एलआईयू प्रभारी भाष्कर बडोला आदि मौजूद थे।

Related posts