
बीजिंग: चीन के विदेश मंत्री वांगयी के पाकिस्तान के विदेश नीति प्रमुख सरताज अजीज से भारत में बातचीत किए जाने के बीच चीन ने आज कहा कि वह स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई की रणनीति बनाने को लेकर पाकिस्तान का समर्थन करता है।
वांगयी रूस, भारत, चीन (आरआईसी) के विदेश मंत्रियों के सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए कल नई दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज से आज एशिया..यूरो एएसईएम बैठक के इतर मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों पर बातचीत की।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता किंग गैंग ने यहां कहा, ‘‘हमें आतंकवाद के लक्षण और उसके मूल कारण का समाधान करना चाहिए। आतंकवाद निरोधक मुद्दे पर हम पाकिस्तानी पक्ष का समर्थन करते हैं कि वह अपनी राष्ट्रीय परिस्थितियों के अनुरूप आतंकवाद निरोधक रणनीति तैयार करे।’’
उन्होंने यह बात एक सवाल के उत्तर में कही कि क्या वांग ने आरआईसी की बैठक में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई के लिए संयुक्त प्रयासों का आह्वान किया। किंग ने कहा, ‘‘अफगानिस्तान और आतंकवाद निरोधक मुद्दों के लिए चीन का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को आतंकवाद पर संयुक्त रूप से कार्रवाई करनी चाहिए। इसके साथ ही आतंकवाद को कुछ विशिष्ट जातीय समूहों या देशों से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।’’
