आठ हजार के नहीं बने आधार कार्ड

आनी (कुल्लू)। आनी में आधार कार्ड बनाने का कार्य सिरे नहीं चढ़ पा रहा है। अभी भी यहां पर करीब आठ हजार लोगों के आधार कार्ड नहीं बन पाए हैं। जानकारी के मुताबिक लैपटॉप चोरी हो जाने के बाद यहां इन दिनों कार्ड बनवाने का कार्य पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। इससे लोगों को आधार कार्ड बनाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
आनी में जब से आधार कार्ड बनाने का कार्य शुरू किया गया है, तब से यहां की जनता परेशान है। पैसा खर्च कर आनी मुख्यालय तक लोग अपना आधार कार्ड बनाने पहुंचते हैं लेकिन लोगों को यह पता नहीं होता कि उनके आधार कार्ड उस दिन बनेंगे भी या नहीं। एक सप्ताह से यहां आधार कार्ड बनाने का कार्य ठप पड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक आधार कार्ड बनाने के लिए लाए लैपटॉप बंजार में चोरी हो गए, जिससे यह समस्या आई है। ऐसे में लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक आनी ब्लॉक में करीब आठ हजार लोगों के कार्ड नहीं बने हैं। कार्ड कब बनेंगे, यह किसी को पता नहीं। अब स्कूल से लेकर गैस एजेंसी तक हर जगह आधार कार्ड जरूरी कर दिए गए हैं। प्रधान संघ के अध्यक्ष महेंद्र कायथ, आनी पंचायत प्रधान विनोद चंदेल का कहना है कि आधार कार्ड बनाने के टेंडर को मात्र 45 दिन ही शेष रह गए हैं। जनता की सुविधा के लिए बन रहे ये आधार कार्ड उनके लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग उठाई है कि आधार कार्ड बनाने का यह सिलसिला आसान किया जाए। जिला तकनीकीप्रभारी राज का कहना है कि लैपटॉप चोरी हो गए हैं, जिससे कार्य रुक गया। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि 24 जून तक आनी में आधार कार्ड बनाने का कार्य फिर से शुरू हो जाएगा।

Related posts