आठ सौ बिजली कनेक्शन कटेंगे

कुल्लू। बिजली बिल जमा न करने वालों पर बिजली बोर्ड अब किसी तरह से रहम नहीं करेगा। चाहे सरकारी महकमा हो या फिर आम उपभोक्ता, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। बिजली बोर्ड ने कड़ा रुख अपनाते हुए जहां आईपीएच को बिजली बिल जमा न करने पर नोटिस थमा दिया है, वहीं आठ सौ उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। आईपीएच विभाग बिजली बोर्ड की एक करोड़ रुपये से ज्यादा बिल की राशि दबाए बैठा है। इसमें भुंतर सब डिवीजन का 71 लाख, कुल्लू-2 के करीब पौने 19 लाख तथा कुल्लू-1 के करीब 16 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा नगर पंचायत भुंतर का बिजली बिल का बकाया 21 लाख तक पहुंच गया है। इन सभी पर बोर्ड ने शिकंजा कसने के लिए कवायद शुरू कर दी है। करीब आठ सौ घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने की तैयारी चल रही है। बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं को टंपरेरी डिस्कनेक्शन आर्डर (टीडीसीओ) आदेश जारी कर दिए हैं। बिजली बोर्ड कुल्लू-2 के सहायक अभियंता श्याम लाल बोध ने बताया कि
आईपीएच के 18,63,757 रुपये तथा 94 घरेलू उपभोक्ताओं के 99,997 रुपये के बिल पेंडिंग पड़े हैं। उधर, बिजली बोर्ड भुंतर के सहायक अभियंता गुलाब सिंह कौंडल ने कहा कि आईपीएच को 71 लाख रुपये मार्च से चुकाने हैं। जबकि, नगर पंचायत भुंतर का बिल के रूप में बकाया 21 लाख रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि अगर बिजली बिल इस माह के अंत तक नहीं भरा गया तो कनेक्शन काट दिए जाएंगे। कुल्लू-1 के एसडीओ विकास गुप्ता के मुताबिक आईपीएच विभाग को 16 लाख का बिल अभी अदा करना है। उन्होंने कहा कि सात सौ घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने के आदेश जारी कर दिए हैं।
बाक्स: बिजली बिलों को जमा करने में की जा रही देरी को लेकर बोर्ड सख्त हो गया है। इसमें चाहे सरकारी विभाग हो या फिर आम घरेलू उपभोक्ता, किसी को बख्शा नहीं जाएगा। समय पर अगर बिल जमा नहीं हुए तो कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
प्रवेश ठाकुर अधीक्षण अभियंता, बिजली बोर्ड कुल्लू
आईपीएच विभाग को एक करोड़ से अधिक के बिलों की अदायगी बिजली बोर्ड की करनी है। इस को लेकर समय-समय पर शिमला कार्यालय को अवगत करवाया जाता रहा है। इस पर बातचीत चल रही है। जल्द समस्या हल हो जाएगी।

Related posts