
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल नेटवर्क में महज आठ रुपये खर्च करके फुल सैर सपाटा नहीं चलेगा। सोमवार से डीएमआरसी जो ग्राहक संतुष्टि सप्ताह मनाने जा रही है उसमें ऐसे यात्रियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। चाहे गर्लफ्रेंड के साथ मेट्रो में टाइमपास का मामला हो या फिर अंतिम स्टेशन तक जाकर सीट रिजर्व का आइडिया, अगर ऐसा करते हैं तो मेट्रो कानून में अपराध है। पकड़े जाने पर नेटवर्क का अधिकतम किराया और 50 रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है। ग्राहक संतुष्टि सप्ताह 15-21 जुलाई के बीच ज्यादा भीड़ वाले 22 स्टेशनों पर यात्रियों से मेट्रो सेवाओं में सुधार के लिए फीडबैक लेगी। उसमें परिचालन के पहलुओं, यात्रियों की उम्मीदें और आवश्यक सुधारों के बारे में पूछा जाएगा। ग्राहण संतुष्टि सर्वेक्षण में ट्रेन की उपलब्धता, पहुंच, सूचना व सेवा की उपलब्धता, ग्राहण सेवा, आराम व सुरक्षा के बारे में जानकारी ली जाएगी। डीएमआरसी प्रवक्ता का कहना है कि जो सुझाव व फीडबैक आएंगे उसे ध्यान में रखकर सेवाओं में सुधार किए जाएंगे। मेट्रो के 190 किमी नेटवर्क में 145 स्टेशन से सेवाएं दी जा रही हैं। रोजाना करीब 23 लाख यात्री मेट्रो से सफर करते हैं। उम्मीद है कि 2016 तक मेट्रो नेटवर्क में 40 लाख दैनिक यात्री आवागमन करेंगे।
इन स्टेशनों पर फीडबैक व सर्वेक्षण
राजीव चौक, कश्मीरी गेट, केंद्रीय सचिवालय, इंद्रलोक, चांदनी चौक, नई दिल्ली, करोल बाग, लक्ष्मी नगर, उत्तम नगर पूर्व, साकेत, वैशाली, हुडा सिटी सेंटर, शाहदरा, एमजी रोड, जीटीबी नगर, हौजखास, दिलशाद गार्डन, द्वारका मोड़, नोएडा सिटी सेंटर, एम्स, आनंद विहार, बदरपुर।
