आठ कोच की मेट्रो चलाने में हो सकती है परेशानी

नई दिल्ली। यात्रियों की बढ़ती संख्या और दिल्ली मेट्रो ट्रेन में भीड़ को ध्यान में रख डीएमआरसी ने आठ कोच की मेट्रो चलाने का निर्णय तो ले लिया। हालांकि मेट्रो थर्ड फेज की सभी रूट पर आठ कोच की मेट्रो चलाना मुश्किल भरा हो सकता है। दरअसल थर्ड फेज की मेट्रो लाइन जहां-जहां दौड़ाई जा रही है वहां का रास्ता काफी संकरा है। लिहाजा ज्यादातर मेट्रो स्टेशन एलिवेटेड ही बनाए जा रहे है। ऐसे में आठ कोच की मेट्रो के लिए लंबा प्लेटफॉर्म तैयार करना कठिन साबित हो सकता है।
मेट्रो ट्रेन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुरानी लाइन पर चलने वाली मेट्रो को चार कोच से बढ़ा कर छह कोच और आठ कोच का तो किया जा रहा है, लेकिन थर्ड फेज की मेट्रो में आठ कोच की मेट्रो चलाने में डीएमआरसी को परेशानी पेश आ सकती है। दरअसल थर्ड फेज की मेट्रो रूट पर जगह की कमी परेशानी का सबब बन रही है। हालांकि स्टैंडर्ड गेज की मेट्रो होने के कारण कम जगह में भी इस मेट्रो को आसानी से दौड़ाई जा सकेगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार थर्ड फेज में तैयार होनी वाली फरीदाबाद रूट पर छह कोच की ही ट्रेन चलेगी। ट्रैक इस तरह से तैयार हो रहा है कि उस पर छह कोच की ही ट्रेन चल सकेगी। ऐसा इसलिए भी है कि केंद्रीय सचिवालय से बदरपुर तक की लाइन इस तरह की तैयार की गई है कि इस ट्रैक पर छह कोच की ही मेट्रो चल सकती है। उल्लेखनीय है कि थर्ड फेज में फरीदाबाद तक इसी रूट पर एक्सटेंशन किया जा रहा है।

Related posts