आज मिंजर चढ़ाने के बाद होगा मेले का आगाज

चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का शुभारंभ रविवार को राज्यपाल उर्मिला सिंह भगवान रघुनाथ व लक्ष्मी-नारायण मंदिर में मिंजर चढ़ाकर करेंगी। इसके बोेद सुबह दस बजे चौगान में ध्वजारोहण होगा। इसके अलावा खेलकूद प्रतियोगिताओं, राज्य व केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का भी अवलोकन करेंगी। चौगान नंबर दो में लगने वाले सरस मेले में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। चौगान नंबर एक में शाम चार बजे से कुंजड़ी मल्हार के साथ मेले की प्रथम संध्या की शुरुआत होगी। इसमें पहले लोक कलाकारों को मंच दिया जाएगा। फिर मशहूर कव्वाल जावेद हरशाद रहमत अपनी प्रस्तुति देंगे।
मिंजर मेले का आगाज परंपरागत तरीके से श्रावण मास के दूसरे रविवार को होता है और तीसरे रविवार को रावी में मिंजर विसर्जन के साथ समाप्त होता है। यह मेला सांप्रदायिक सौहार्द का भी प्रतीक है। मेले का आरंभ सदियों से चली आ रही परंपरा के अनुसार आज भी मिर्जा शफी बेग का परिवार ही करता है। मिर्जा शफी बेग ने धान की मिंजर के प्रारूप के तौर पर जरी और सोने की तारों से आकर्षक मिंजर तैयार करके चंबा के राजा पृथ्वी सिंह को भेंट की थी। इसे देख राजा बहुत प्रसन्न हुए थे। यह पहली मिंजर भगवान रघुवीर और लक्ष्मी नारायण को चढ़ाई गई। तब से लेकर आज तक यह परंपरा कायम है। इस बार भी एजाज़ मिर्जा की बनाई हुई मिंजर भगवान रघुवीर व लक्ष्मी-नरायण को चढ़ाने के साथ ही रविवार को मिंजर का आगाज होगा।

Related posts