
कुल्लू। सशस्त्र सीमा बल प्रशिक्षण केंद्र शमशी में शुक्रवार को दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में आईपीएस महानिरीक्षक बल मुख्यालय नई दिल्ली एके गौतम बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे। जवानों को प्रशिक्षण सेनानायक संजीव यादव के नेतृत्व में प्रशिक्षण उप क्षेत्रीय संगठक अधिकारी देवी चंद और अन्य प्रशिक्षण अनुदेशकों के योगदान से दिया गया।
प्रशिक्षण केंद्र में 14 राज्यों के 539 नव आरक्षियों ने 44 सप्ताह तक कठिन प्रशिक्षण हासिल किया है। सेनानायक संजीव यादव ने बताया कि 539 प्रशिक्षणार्थियों ने 44 सप्ताह तक प्रशिक्षण केंद्र में युद्ध कौशल, सशस्त्र प्रशिक्षण, जूडो कराटे और अन्य प्रकार का प्रशिक्षण सफलता पूर्वक हासिल किया। अब ये जवान नेपाल और भूटान के बार्डर एरिया में तैनात होकर देश की सेवा करेंगे। 539 जवानों में आंध्र प्रदेश के 2, असम के 10, बिहार के 191, उत्तर प्रदेश 257, छत्तीसगढ़ के 1, झारखंड के 2, हिमाचल प्रदेश का 1, केरल से 1, मध्य प्रदेश से 3, महाराष्ट्र के 44, राजस्थान के 17, पश्चिम बंगाल से 1, हरियाणा से 7 और उत्तराखंड से 2 जवान शामिल हैं। यह सभी 539 जवानों सीमा सशस्त्र बल की करीब 14 बटालियनों में तैनात होंगे और नेपाल और भूटान बार्डर पर देश की सेवा करेंगे।
