
कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ सटे बबेली स्थित आईटीबीपी के अतिरिक्त प्रशिक्षण कैंप (एटीसी) में सोमवार को देश के 12 राज्यों के 439 नव आरक्षी को कडे़ प्रशिक्षण के बाद देश की सेवा के लिए बार्डर पर भेजा जाएगा। आईटीबीपी बल के ये सभी नए जवान भारत-तिब्बत सीमा पर जाकर दुश्मनों पर नजर रख कर देश की सेवा करेंगे। नौ माह का कड़ा प्रशिक्षण लेकर इन जवानों को सोमवार को दीक्षांत समारोह में देश सेवा का जज्बा व देश की रक्षा के प्रति शपथ दिलाई जाएगी। आईटीबीपी द्वितीय वाहिनी के दीक्षांत समारोह के मुख्यातिथि आईटीबीपी के उत्तर-पश्चिम फ्रंटियर के महानिरीक्षक कृपा राम नेगी होंगे। आईटीबीपी बबेली के सेनानी विजय देशवाल ने बताया कि कार्यक्रम सुबह आठ बजे से शुरू होगा। दीक्षांत समारोह को लेकर सभी तैयारियों को पूरा कर दिया गया है। समारो में कुल 439 नव आरक्षियों को भारत-तिब्बत सीमा पर देश की रक्षा करने के लिए तैयार किया गया है। इसमें सबसे अधिक राजस्थान से 246 जवान शामिल हैं। उत्तर प्रदेश से 74, हिमाचल प्रदेश से 2, हरियाणा से 4, मध्य प्रदेश से एक, महाराष्ट्र से 4, जम्मू एवं कश्मीर से 45, मणिपुर से एक, पंजाब से 2, बिहार से 52 तथा उत्तराखंड से 8 जवान हैं। जवानों को नौ माह तक कड़ा प्रशिक्षण दिया गया है।
