आज दिल्ली लाया जाएगा बुकी रमेश व्यास

नई दिल्ली। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊ द इब्राहिम के खास बुकी रमेश व्यास को प्रोडक्शन वारंट पर दिल्ली लाया जा रहा है। विशेष पुलिस आयुक्त (स्पेशल सेल) एसएन श्रीवास्तव ने बताया कि रमेश शनिवार तक दिल्ली आ जाएगा। मुंबई पुलिस ने उसको सट्टेबाजी में गिरफ्तार किया है। मुंबई अदालत ने उसे जमानत दे दी थी, मगर वह जेल से बाहर नहीं आया था। ऐसे में रमेश व्यास के लोगों ने कोर्ट में कहा था कि जब उसकी जमानत हो गई तो उसे दिल्ली पुलिस को प्रोडक्शन वारंट पर देने का मतलब नहीं है। इसके बावजूद मुंबई की अदालत ने रमेश को प्रोडक्शन वारंट पर ले जाने की अनुमति दे दी है। दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार रमेश व्यास दाऊद का दक्षिण भारत का फिक्सिंग आदि का नेटवर्क संभालता है। उत्तर भारत का नेटवर्क अश्वनी कुमार उर्फ टिंकू मंडी संभाल रहा था। रमेश व्यास पर आरोप है कि वह बुकी की कॉल को पाकिस्तान ट्रांसफर करता था।

Related posts