आज तीन घंटे रहेगा चक्का जाम, एंबुलेंस, सेना, बरात और आपातकालीन सेवाओं को छूट देंगे किसान

आज तीन घंटे रहेगा चक्का जाम, एंबुलेंस, सेना, बरात और आपातकालीन सेवाओं को छूट देंगे किसान

चंडीगढ़
कृषि कानूनों के विरोध में देशव्यापी चक्का के लिए पंजाब तैयार हो गया है। किसान संगठनों ने चक्काजाम को सफल बनाने के लिए प्रदेश भर के किसानों और आम लोगों से सहयोग की अपील की है। तीन घंटे तक चक्का जाम के दौरान किसान संगठनों ने पुलिस, सेना तथा सभी इमरजेंसी सेवाओं के लिए आने-जाने की छूट देने का फैसला किया है। दोपहर 12 से अपराह्न तीन बजे तक चक्का जाम किया जाएगा।

पंजाब में कृषि कानूनों को लेकर एक बार फिर आंदोलन तेज हो गया है। दिल्ली कूच के बाद किसानों का शनिवार को होने वाला देशव्यापी चक्का जाम आंदोलन को गति देने के लिए रणनीति के तहत आयोजित किया गया है। किसान संगठन यातायात पूरी तरह से ठप कर सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। किसानों ने सड़क जाम के दौरान इमरजेंसी सेवाओं, बरात, सेना, पुलिस को चक्का जाम से छूट देने का फैसला किया है। 

चक्का जाम को लेकर शुक्रवार को भी बैठकों का दौर जारी रहा। बैठक में किसान नेताओं ने कहा कि 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड के दौरान दिल्ली में जो किसान गिरफ्तार किए थे उनकी रिहाई, किसानों के खिलाफ मामले तथा किसान विरोधी कानून रद्द करने की मांग को लेकर चक्का जाम कर रोष प्रदर्शन किया जाएगा।

अमेरिका के बयान की निंदा की
कृषि कानूनों को लेकर अमेरिका के बयान की किसान संगठनों ने निंदा की है। भाकियू एकता (उगराहां) ने टीकरी बॉर्डर पर एक सभा का आयोजन किया। इसमें किसान नेताओं ने कृषि कानूनों के पक्ष में अमेरिकी बयान की कड़ी निंदा की गई। यूनियन के प्रदेश सचिव शिंगारा सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार सुनियोजित तरीके से आंदोलन को प्रभावित करने का कार्य कर रही है लेकिन आज होने वाले चक्का जाम से केंद्र की सरकार जरूर हिलेगी।
पंजाब में सभी जिलों में देशव्यापी चक्का जाम को सफल बनाने का आह्वान किया गया है। अधिकांश जिलों में सभी किसान संगठनों ने रणनीति बना ली है। जाम के दौरान कुछ जरूरी सेवाओं को छूट देने का फैसला किया गया है। – सुखदेव सिंह कोकरी कलां, महासचिव, भाकियू एकता (उगराहां)

Related posts