आजादी के पैंसठ साल बाद मिलेगा ट्यूबवेल

दुलैहड़/टाहलीवाल/पंजावर(ऊना)। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के कुठारबीत, ठाकरां और पंडोगा में 2.93 करोड़ की सिंचाई एवं जलापूर्ति योजनाओं के शिलान्यास किए। सुबह कुठारबीत और ठाकरां के लिए 1.57 करोड़ की सिंचाई योजना का शिलान्यास किया गया। उद्योग मंत्री को लड्डुओं से भी तोला। आजादी के 65 साल बाद गांव में लगने जा रहे पहले ट्यूबवेल को लेकर लोगों में प्रसन्नता दिखी। इन नलकूपों से कुठारबीत बस्ती में 32 हेक्टेयर और ठाकरां में 33 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी।
उद्योग मंत्री ने ठाकरां गांव के लिए अलग से 26.39 लाख की जलापूर्ति योजना का भी शिलान्यास किया। उन्होंने गांव पंडोगा में 1.08 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली पेयजल योजना का भी नींव पत्थर रखा। इस योजना के चालू होने पर गांव में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी और पंडोगा वासियों को पेयजल आपूर्ति के लिए ईसपुर स्कीम पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
इस अवसर पर कुठारबीत, ठाकरां एवं पंडोगा में जनसभाओं को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बीत क्षेत्र के हर खेत को सिंचाई सुविधा प्रदान करना और महिलाओं के सिर से घड़ा उतारना उनका लक्ष्य है। कहा कि भाजपा शासन के दौरान बीत की धरती पर एक ट्यूबवेल भी नहीं लगा। पूरे पांच साल जनता रिग्ग का इंतजार करती रही। उन्होंने कहा कि भाजपा ने यह धारणा फैलाई गई कि बीत की धरती के नीचे पानी ही नहीं है। उन्होंने कहा कि इन पांच सालों में बीत के हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए 26 करोड़ की बीत एरिया सिंचाई योजना के अलावा यहां के हर गांव में ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। नगनोली से बाथड़ी तक पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदली जाएगी।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अप्पर कुठार के लिए 6.33 करोड़ रुपये की सिंचाई योजना की डीपीआर तैयार करके मंजूरी के लिए भेजी गई है। लालूवाल में परिवहन मंत्री जीएस बाली जल्द बस अड्डे का शिलान्यास करेंगे।

यह रहे मौजूद
इस अवसर पर एग्रो पैकेजिंग के पूर्व उपाध्यक्ष ओंकार शर्मा, हरोली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, चीफ इंजीनियर आईपीएच आरके कंवर, अधीक्षण अभियंता एनके त्रिवेदी, एसडीएम धनवीर ठाकुर, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा, आईपीएच एवं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेखा राणा, जिला परिषद सदस्य अमनदीप मोनी एवं नीलम मनकोटिया, जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, कुठारबीत के प्रधान बलबीर सिंह बिट्टू, उपप्रधान तिलक राज, दुलैहड़ के प्रधान सुभाष, कांगड़ के प्रधान विनोद बिट्टू, लेखराज, मास्टर हरमेश, चनण सिंह, कालीचरण, सुरजीत सिंह एवं संदीप अगिभनहोत्री सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related posts