
आनी (कुल्लू)। कराणा पंचायत के बाई गांव में एक मकान में अचानक आग लग गई। घटना में तीन कमरों समेत रसोई घर जल गया। साथ ही दो गायों समेत चार मवेशी भी जलकर मर गए। आगजनी में लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने प्रभावितों को फौरी तौर पर 25 हजार रुपये दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक बाई गांव के देवी सिंह, चमन लाल और उत्तम सिंह के मकान में शनिवार सवेरे तीन बजे आग लगी। मकान में आग लगने की भनक लगने पर इसमें रह रहे लोग बाहर दौड़े और शोर मचाकर लोगों को मदद के लिए पुकारा।
लोगों ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कुछ घंटों के भीतर आग पर काबू तो पा लिया लेकिन तीन कमरों समेत रसोई घर को जलने से बचाया नहीं जा सका। साथ ही दो गाय, एक बछड़े एवं एक भेड़ को भी नहीं बचाया जा सका। गांव वालों के प्रयास से पूरा मकान जलने से बच गया। गांववालों ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी की लाइन को तोड़कर पावर स्प्रेयर से आग बुझाई। आगजनी घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन की ओर से नायब तहसीदार आनी गोपाल सिंह कटारिया और सर्कल के पटवारी कपूर चंद मौके पर पहुंच गए और प्रभावितों को आर्थिक मदद दी।
कराणा पंचायत के प्रधान जालपराम, उपप्रधान बरचंद भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। सरकारी तौर पर तीन लाख से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है। मकान में आग कैसे लगी, इसके बारे में अभी तक पता नहीं चला है। नायब तहसीलदार ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
